दिल्ली ब्लास्ट के बाद राजस्थान में हाई अलर्ट: रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, मॉल, धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष सतर्कता
दिल्ली ब्लास्ट के बाद राजस्थान में हाई अलर्ट: रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, मॉल, धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष सतर्कता

दिल्ली में हुए धमाके के बाद राजस्थान पुलिस मुख्यालय की ओर से पूरे प्रदेश में सुरक्षा अलर्ट जारी किया गया है। जयपुर में अलर्ट जारी होने के बाद रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। पुलिस द्वारा रेलवे स्टेशन पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है, जबकि शहर के प्रमुख स्थानों पर वाहनों की जांच की जा रही है। इसके साथ ही शहर के होटलों और धर्मशालाओं में भी तलाशी अभियान चलाने के निर्देश जारी किए गए हैं। जयपुर जिले की एंट्री पॉइंट्स पर नाकेबंदी कर वाहनों की चेकिंग की जा रही है ताकि कोई संदिग्ध व्यक्ति या वाहन प्रवेश न कर सके।

दिल्ली धमाकों के बाद श्रीगंगानगर जिला भी हाई अलर्ट पर है। सरहदी क्षेत्र होने के कारण पुलिस ने यहां भीड़भाड़ वाले इलाकों में लगातार गश्त बढ़ा दी है। एसपी डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में जिले की पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। उन्होंने सभी एसएचओ को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जाए और सुरक्षा व्यवस्था में कोई ढिलाई न बरती जाए।

बांसवाड़ा जिले में भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। दिल्ली धमाके के बाद पुलिस मुख्यालय से मिले निर्देशों के आधार पर अंतरराज्यीय सीमाओं पर विशेष चौकसी बरती जा रही है। पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी ने बताया कि जिले के मुख्य मार्गों और राष्ट्रीय राजमार्ग 56 व 927-ए से जुड़े बाईपास मार्गों पर पुलिस गश्त तेज कर दी गई है। गुजरात के दाहोद और मध्यप्रदेश के रतलाम जाने वाले मार्गों पर विशेष रूप से चारपहिया वाहनों की जांच की जा रही है ताकि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की आवाजाही पर रोक लगाई जा सके।

राजस्थान पुलिस मुख्यालय की ओर से निर्देश दिया गया है कि सभी जिलों में बीट पुलिस, बीडीएस टीम और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल को सक्रिय रखा जाए। संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत उच्चाधिकारियों तक पहुंचाई जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

Categories