पाली में मेयर को लेकर कांग्रेस का दावा: हेमसिंह शेखावत बोले- “पर्ची से मेयर नहीं बनता, पार्षद तय करेंगे अपना नेता”
पाली में मेयर को लेकर कांग्रेस का दावा: हेमसिंह शेखावत बोले- “पर्ची से मेयर नहीं बनता, पार्षद तय करेंगे अपना नेता”

पाली। नगर निगम चुनाव परिणाम के बाद पाली में मेयर पद को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। कांग्रेस के चुनाव पर्यवेक्षक हेमसिंह शेखावत ने दावा किया कि कांग्रेस के पास 41 पार्षदों का समर्थन है और पार्टी नगर निगम में अपना बोर्ड बनाएगी।

शेखावत ने कहा कि “हमारे यहां पर्ची से मेयर या मुख्यमंत्री नहीं बनते। जनता ने पार्षद प्रत्याशियों को जनमत देकर जिताया है। अब यही पार्षद तय करेंगे कि उनका मेयर कौन होगा।”

बांडेबंदी से 24 कांग्रेस पार्षद पहुंचे नगर निगम

बुधवार को बांडेबंदी में गए कांग्रेस के 24 निर्वाचित पार्षद लग्जरी बस से नगर निगम पहुंचे। यहां चुनाव अधिकारी शैलेंद्र सिंह ने सभी निर्वाचित पार्षदों को जीत का प्रमाण पत्र प्रदान किया। इसके बाद पार्षदों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई।

नगर निगम परिसर में पूर्व सभापति प्रदीप हिंगड़ की पत्नी राजाबाला के समर्थन में नारे भी लगाए गए। इस दौरान केक काटकर उनका जन्मदिन मनाया गया। कार्यक्रम के बाद सभी पार्षदों को बस से वापस एक साथ रवाना किया गया।

“पालीवासियों को समर्पित है जीत”

हेमसिंह शेखावत ने कांग्रेस की जीत को पालीवासियों को समर्पित करते हुए कहा कि शहर के विकास के लिए जनता ने कांग्रेस को चुना है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए पूरा प्रयास करेगी।

यूडीएच मंत्री का नाम लिए बिना शेखावत ने राजनीतिक कटाक्ष करते हुए कहा कि पाली की जनता ने बता दिया है कि वह सकारात्मक है, नकारात्मक नहीं।

इस दौरान विधायक भीमराज भाटी, कांग्रेस चुनाव प्रभारी हेमसिंह शेखावत, हकीम भाई सहित कांग्रेस के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

अब नजर मेयर चुनाव पर

पाली नगर निगम में मेयर पद के लिए अब सभी की निगाहें पार्षदों के निर्णय पर टिकी हैं। कांग्रेस की ओर से 41 पार्षदों के समर्थन का दावा किए जाने के बाद मेयर चुनाव को लेकर राजनीतिक समीकरण और भी महत्वपूर्ण हो गए हैं। अंतिम तस्वीर मेयर चुनाव की प्रक्रिया और पार्षदों के निर्णय के बाद ही स्पष्ट होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

Categories