India-EU FTA: भारत-यूरोपीय संघ के बीच बैठक आज से, वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल विदेश दौरा पर
India-EU FTA: भारत-यूरोपीय संघ के बीच बैठक आज से, वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल विदेश दौरा पर

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल 27 से 28 अक्तूबर तक ब्रसेल्स में रहेंगे। यहां वह भारत और यूरोपीय संघ (ईयू) के मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) पर बातचीत को आगे बढ़ाने के लिए उच्च-स्तरीय बैठकें करेंगे। यह जानकारी रविवार को भारतीय वाणिज्य मंत्रालय ने दी। इस समझौते के लिए बातचीत की अंतिम समय सीमा नजदीक आ रही है और गोयल का यह दौरा समझौते में राजनीतिक ऊर्जा और रफ्तार लाने की कोशिश है। मंत्रालय के मुताबिक, गोयल अपनी दो दिवसीय यात्रा के दौरान यूरोपीय आयोग के कार्यकारी उपाध्यक्ष और व्यापार आयुक्त मारोस सेफ्कोविक से मुलाकात करेंगे और उनकी यह मुलाकात समझौता वार्ता के अंतिम चरण की दिशा और रणनीति तय करने में अहम होगी।

पीयूष गोयल ने निर्यात संवर्धन परिषदों और उद्योग निकायों के साथ उभरते  व्यापार परिदृश्य पर बैठक की अध्यक्षता की - डीएसटी - डेली शिपिंग टाइम्स

ईयू चाहता है कि भारत ऑटोमोबाइल, चिकित्सा उपकरण, शराब, वाइन, मांस और पोल्ट्री पर शुल्क में बड़ी कटौती करे और एक मजबूत बौद्धिक संपदा व्यवस्था बनाए। अगर यह समझौता पूरा होता है, तो भारत के तैयार कपड़े, दवाइयां, इस्पात, पेट्रोलियम उत्पाद और इलेक्ट्रिकल मशीनरी जैसे निर्यात उत्पाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में और प्रतिस्पर्धी बन जाएंगे। वाणिज्य मंत्रालय ने कहा, यह यात्रा भारत–ईयू एफटीए वार्ताओं के महत्वपूर्ण चरण में हो रही है, जहां दोनों पक्ष एक संतुलित, व्यापक और पारस्परिक रूप से लाभकारी समझौते तक पहुंचने के लिए तेजी से काम कर रहे हैं। मंत्रालय ने बताया कि गोयल का दौरा इन चर्चाओं को रणनीतिक दिशा और राजनीतिक बल देगा।

गोयल इस दौरान बाजार तक पहुंच, गैर-शुल्कीय उपाय और नियामक सहयोग जैसे प्रमुख विषयों पर संबंधित यूरोपीय अधिकारियों से बातचीत करेंगे। वार्ता के दौरान समझौते पर अब तक हुई प्रगति की समीक्षा की जाएगी और ऐसे क्षेत्रों की पहचान की जाएगी जहां और तालमेल की जरूरत है।

इस हफ्ते ईयू प्रतिनिधिमंडल के भी नई दिल्ली आने की उम्मीद है ताकि व्यापार वार्ताओं को आगे बढ़ाया जा सके। हालांकि, अभी भी दोनों पक्षों के बीच इस्पात, ऑटोमोबाइल और गैर-शुल्कीय अवरोधों जैसे क्षेत्रों में मतभेद बने हुए हैं। गोयल की यह यात्रा हाल ही में हुई छह से 10 अक्तूबर की 14वें दौर की वार्ता के बाद हो रही है। इससे पहले वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल ने ब्रसेल्स में यूरोपीय आयोग की व्यापार महानिदेशक (डीजी-ट्रेड) सबाइन वेयंड से मुलाकात की थी। दोनों पक्ष अब दिसंबर तक समझौता पूरा करने के लिए अपनी बातचीत की गति बढ़ा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

Categories